बहराइच के दरगाह थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में एक 40 वर्षीय युवक का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के कंधे पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
.
पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव की फोटोग्राफी कराने के बाद उसे जिला अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है।
महराज गांव के पास सोमवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने सड़क किनारे गड्ढे में लगी झाड़ियों के बीच यह शव देखा। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने दरगाह थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी।
थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से मृतक के बारे में जानकारी इकट्ठा की और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी युवक की पहचान नहीं कर सका।
तलाशी के दौरान युवक के पास से कोई ऐसा कागजात भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के कंधे पर चोट के निशान मिले हैं।
शुरुआती जांच में देर रात किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच के साथ युवक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
