अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों को गुड़, भुना चना, सत्तू जैसे स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ कैल्शियम, ओआरएस-जिंक तथा पोषक तत्वों से युक्त फोर्टिफाइड टेक होम राशन (THR) उपलब्ध कराया गया। लोहे की कड़ाही के वितरण का उद्देश्य भोजन में आयरन की उपलब्धता बढ़ाने के पारंपरिक उपाय को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से माताओं को दैनिक भोजन में पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विधायक पल्टूराम ने कहा कि मातृ एवं शिशु पोषण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक है। पारंपरिक खाद्य पदार्थों को दैनिक खानपान में शामिल कर कुपोषण की समस्या से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकता है। जिलाधिकारी विपिन जैन ने कहा कि ‘परंपरा से पोषण’ अभियान पारंपरिक खाद्य परंपराओं को पुनर्जीवित करने के साथ ही महिलाओं एवं बच्चों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप किया जाए तथा बच्चों के वजन, स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिससे अभियान का वास्तविक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित निगरानी तथा माताओं को पोषण संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और प्रभावी बनाया जाएगा।
