सावन के पहले सोमवार पर आज कमिश्नरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। तीन लाख से भी ज्यादा श्रद्धालुओं के सुरक्षित दर्शन और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए शहर के प्रमुख शिवालयों में 1500 पुलिसकर्मियों का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। ड्रोन, 400 से अधिक हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, पीएसी, जल पुलिस और महिला पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे।
सावन के पहले सोमवार को आनंदेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, बनखंडेश्वर मंदिर, खेरेश्वर मंदिर, खेरेपति मंदिर, नागेश्वर मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर (बिठूर), जलेश्वर मंदिर (मस्वानपुर), भोलेश्वर मंदिर (बर्रा) और सेन पश्चिम पारा स्थित महादेवन मंदिर समेत शहर के प्रमुख शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कमिश्नरी पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था कर ली है। एडीसीपी एलआईयू महेश कुमार ने बताया कि पूरे शहर में करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।