
4PM न्यूज़ नेटवर्क: पुलिस की वर्दी सिर्फ एक पहचान नहीं, बल्कि सुरक्षा, अनुशासन और जनसेवा की जिम्मेदारी भी है। इसी गौरव और कर्तव्यबोध को याद करते हुए सीतापुर पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। इस मौके पर एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिस ध्वज फहराया और अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का संकल्प दिलाया।
एसपी ने ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को लगाया प्रतीक पिन
पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों को झंडा प्रतीक पिन लगाया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को याद किया।
निर्बलों की रक्षा और अपराध उन्मूलन पर दिया जोर
एसपी अंकुर अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के ध्वज को सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल बनाने के लिए प्रत्येक कर्मचारी को पूरी ऊर्जा, अटूट विश्वास और उच्च व्यावसायिक निष्ठा के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की शक्ति निर्बलों की रक्षा और सामर्थ्य अपराध के उन्मूलन के लिए समर्पित रहनी चाहिए। साथ ही प्रत्येक कार्रवाई में न्याय की गरिमा बनाए रखना जरूरी है।
अनुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया झंडा दिवस
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को पुलिस झंडा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिस बल की जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण से निभाने का संदेश दिया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन/सदर, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: बरेली में शादी की खुशियों के बीच शर्मनाक वारदात, 13 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप
