नवाबगंज के 750 आवासों की डीपीआर बाद शासन को भेजी जा चुकी
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। शहर के दो हजार जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास मिलने का रास्ता साफ हो गया है। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने जांच के बाद पात्र लाभार्थियों की डीपीआर तैयार कर ली है। अब यह डीपीआर शासन को मंजूरी के लिए भेजी जाएगी, जिससे धनराशि आवंटन की उम्मीद जगी है।
सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना (नगरीय) चला रही है। इसका उद्देश्य शहर में किसी भी गरीब को छत से वंचित न रखना है। डूडा द्वारा संचालित इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जाते हैं। इसके बाद आवेदनों की जांच होती है। जांच में पात्र पाए जाने पर सरकार आवास बनाने के लिए दो लाख 50 हजार रुपये देती है।
जनपद की नगर पालिका फर्रुखाबाद, कायमगंज और नगर पंचायत कमालगंज, मोहम्मदाबाद, खिमसेपुर, संकिसा, नवाबगंज, शमसाबाद व कंपिल के गरीबों ने आवेदन किए थे। डूडा और निकाय कर्मियों ने करीब 20 आवेदनों की मौके पर जांच की। प्राथमिकता के आधार पर लगभग दो हजार पात्र लाभार्थियों का चयन किया गया। उनके नाम सूची में शामिल कर डीपीआर तैयार की गई है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा।
पीओ डूडा एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह ने बताया कि 2000 लाभार्थियों की डीपीआर बनाई गई है। इसमें नगर पंचायत नवाबगंज के 750 आवासों की डीपीआर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद शासन को भेजी जा चुकी है। नगर पालिका फर्रुखाबाद के 800 आवासों की डीपीआर भी तैयार है। नगर पंचायत संकिसा के 100 आवासों की डीपीआर के अनुमोदन की प्रक्रिया चल रही है। इन दोनों की डीपीआर अनुमोदन के बाद शीघ्र ही शासन को भेजी जाएगी।
आवास आवंटन की प्रक्रिया
शासन से मंजूरी मिलने के बाद धनराशि आवंटित होगी। इससे पात्र गरीबों को अपना घर मिल सकेगा। यह योजना शहरी गरीबों के लिए एक बड़ी राहत है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब छत से वंचित न रहे। इस पहल से हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा।
