उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में धम्मौर थाना क्षेत्र में अवधि गायक और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संजय यादव के घर पुलिस की दबिश और परिजनों के साथ पुलिस द्वारा गाली-गलौज का मामला तूल पकड़ गया है. संजय यादव ने पुलिस का गाली देते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है.
इस मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गयी है, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर सुल्तानपुर पुलिस और यूपी पुलिस को निशाने पर लिया है. उन्होंने इसको लेकर एक सोशल मीडिया हैंडल अपर पोस्ट भी किया है.
यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतरे सपा नेता, अखिलेश ने चंडीगढ़ का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने लिखा, “जैसे सत्ताधारी, वैसे अधिकारी! नैतिकता की सीमा लांघकर, निजता का अतिक्रमण करनेवाली उप्र सरकार की पुलिस का ये ‘अपशब्द वचनीय मौखिक शारीरिक व्यवहार’ किससे प्रेरित है, ये सब जानते हैं. अब पुलिस का ये ही कहना बाक़ी है कि ‘हम किसी नियम-क़ानून को मानने के मूड में नहीं है.”
क्या है पूरा मामला ?
संजय यादव ने आरोप लगाया कि SHO शराब के नशे में रात में उनके घर पहुंचे, चारदीवारी कूदकर गाली-गलौज और अभद्रता की. उन्होंने SHO के निलंबन की मांग की. उन्होंने लिखा, “धम्मौर थाना के SHO शराब पीके ,चारदीवारी कूदकर, गाली गलौज देकर, रात 12 बजे विवेचना करते हैं. ऐसा कौन सा मुकदमा है मेरे ऊपर ? किसकी हत्या किसका अपहरण किया है ? अगर इस SHO को निलंबित नहीं किया गया, लखनऊ में धरना दूंगा.”
संजय यादव ने पुलिस दबिश का वीडियो भी शेयर किया है. जिसमें एक पुलिस कर्मी दीवार फांदकर घर में दाखिल होते दिख रहा है. इसके साथ ही वीडियो में गालियां भी सुनाई दे रहीं हैं.
सुल्तानपुर पुलिस ने आरोपों को नकारा
सुलतानपुर पुलिस ने संजय के आरोपों को नकार दिया है. सीओ लम्भुआ रितिक कपूर ने बताया कि थाना कोतवाली नगर में वादी जफरुल हसन ने अपने पुत्र शबीब रजा के साथ मारपीट तथा जानलेवा हमला के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है. इस मामले में अभियुक्त संजय यदुवंशी वांछित चल रहे हैं. विवेचनात्मक कार्रवाई हेतु पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त की तलाश की जा रही है, और इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई थी. अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है, तथा पुलिस पर लगाए जा रहे अन्य आरोप असत्य व निराधार हैं.
यह भी पढ़ें: ‘अपने पंसद के शख्स के साथ बेटी…’, परिजनों की याचिका पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
