बरेली में स्वतंत्रता दिवस पर अमर उजाला के अभिनव अभियान मां तुझे प्रणाम कार्यक्रमों की शृंखला में रविवार को सामूहिक राष्ट्रगान होगा। सुबह 10 बजे सभी चौराहों पर राष्ट्रगान गूंजेगा। लोगों से अपील है कि सायरन की आवाज सुनकर राष्ट्रगान के सम्मान में 52 सेकंड तक ठहर जाएं।
सामूहिक राष्ट्रगान का मुख्य कार्यक्रम सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ चौकी चौराहा स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल में सुबह 10 बजे आयोजित होगा। जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख व ईसाई धर्म के धर्मगुरू संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज फहराकर देश की एकता, अखंडता, सौहार्द और देशभक्ति का संदेश देंगे। ध्वजारोहण से पहले नगर निगम के पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर सायरन बजेगा।
लोगों से अपील है कि वे इस सायरन की आवाज को सुनकर जहां रहें वहीं, ठहरकर खड़े रहकर देश के सम्मान और राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रभक्ति का परिचय दे सकें। दूसरों को भी ठहरने के लिए कहें। अमर उजाला के इस सामूहिक राष्ट्रगान में व्यापारी, उद्यमी, अफसर, जनप्रतिनिधि, इनरव्हील, रोटरी क्लब, विभागीय कर्मचारी और सामाजिक संगठन समेत अन्य संगठन शामिल होकर एकजुटता का संदेश देंगे।
