Hathras Girl Radha Shines In Football

फुटबॉलर राधा
– फोटो : स्वयं

विस्तार

हाथरस जिले के गांवों से निकलकर बेटियां अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई इबारत लिख रही हैं। इसकी प्रेरणादायक मिसाल पेश की है फुटबॉलर राधा ने। झारखंड, आंध्र प्रदेश के बाद अब कर्नाटक के मैदान पर जलवा बिखेरने वाली कथरिया की रहने वाली राधा ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है।


एक से 31 अक्तूबर तक कर्नाटक के बेलगावी में आयोजित अंडर-15 यूथ लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में दिल्ली की हॉप्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में हाथरस के खेलो इंडिया फुटबॉल सेंटर की खिलाड़ी राधा के खेल ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

इससे पहले राधा ने अंडर-15 जूनियर गर्ल्स नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उनके बेहतरीन खेल प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। उत्तर प्रदेश टीम के लिए उनके शानदार प्रदर्शन के बाद ही उनका चयन इस यूथ लीग के लिए हुआ था। 

राधा कथरिया गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में एसएस इंटर कॉलेज में 10वीं कक्षा की छात्रा हैं। राधा के वापस लौटने और खेलो इंडिया सेंटर पहुंचने की खबर सुनते ही वहां मौजूद सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मैदान पर उनके वापस कदम रखते ही कोच वर्षा शर्मा और निशा शर्मा ने मिठाई खिलाई।



Source link