आगरा। आगरा से ग्वालियर के बीच प्रस्तावित 88 किलोमीटर लंबे 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण अगले महीने शुरू हो सकता है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और जिला प्रशासन ने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को इसी महीने पूरा कर जमीन कब्जे में लेने के लिए कमर कस ली है।

एनएचएआई ने आर्बिट्रेशन (मध्यस्थता) प्रकरणों और ग्राम लुहैट्टा के मूल अवॉर्ड से जुड़े 18.14 करोड़ रुपये सक्षम अधिकारी व परियोजना निदेशक के संयुक्त बैंक खाते में जमा करा दिए हैं। एडीएम भूमि अध्याप्ति आजाद भगत सिंह ने बताया कि परियोजना के लिए एनएचएआई रुपये जमा करा चुका है। लक्ष्य है कि मुआवजा वितरण के साथ एक महीने के भीतर जमीन प्राधिकरण को हैंडओवर कर दी जाए ताकि परियोजना का काम शुरू हो सके।

उधर, एनएचएआई ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि पात्र जमीन मालिकों को मुआवजा राशि का वितरण जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही, आर्बिट्रेटर (अपर आयुक्त आगरा मंडल) की ओर से पारित फैसलों के संशोधित अवॉर्ड भी जल्द जमा कराए जाएं ताकि अतिरिक्त स्वीकृतियां लेकर काम बिना किसी रुकावट के समय पर पूरा हो सके।

बता दें, 4613 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे आगरा के देओरी गांव (इनर रिंग रोड) से शुरू होकर ग्वालियर के सुसेरा तक जाएगा। इसके बनने से आगरा से ग्वालियर का सफर सिर्फ 75 से 90 मिनट (डेढ़ घंटा) में पूरा हो सकेगा, जिससे यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन काफी सुगम हो जाएगा।



Source link