जागरण संवाददाता, हाथरस। राजस्व विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर चयनित 1146 सफल अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरित किए।

इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान कलक्ट्रेट सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बताया कि नियुक्ति प्राप्त करने वाले नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों में से 10 कनिष्ठ सहायकों को जनपद में तैनाती मिली है। कनिष्ठ सहायकों की तैनाती तहसीलों एवं कलक्ट्रेट में राजस्व विभाग के अंतर्गत की जाती है।

जिलाधिकारी ने सभी नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत पूरी मेहनत, लगन एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सभी कर्मचारी गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा कार्यालय के प्रत्येक पटल पर कार्य करने की प्रक्रिया को भली-भांति समझें, जिससे उन्हें विभागीय कार्यों का व्यापक अनुभव प्राप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग करते हुए भविष्य में अच्छे, कुशल एवं जिम्मेदार कर्मचारी के रूप में जनसेवा करें।



Source link