श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के एकघरवा गांव में मंगलवार को बिजली का पोल ठीक करते समय दो ग्रामीण करंट की चपेट में आ गए। 11 हजार वोल्ट की लाइन अचानक चालू होने से सचिन मिश्रा (22) और वेद प्रकाश पाठक (32) गंभीर रूप से झुलस गए।
.
उन्हें तुरंत गिलौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखकर बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वे गांव में बिजली सप्लाई ठीक करने के लिए पोल और लाइन सुधारने में मदद कर रहे थे।

बताया गया कि 11 हजार वोल्ट की लाइन पर शटडाउन लिया गया था। आरोप है कि पावर हाउस या लाइनमैन ने शटडाउन खत्म कर दिया, जिससे लाइन में करंट आ गया। दोनों ग्रामीण पोल पकड़े हुए थे और इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद परिवार वालों ने घायलों को गिलौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सही शटडाउन होता तो हादसा टल सकता था।
