जमीन पर कब्जा बनाए रखने के लिए मांगी 20 हजार रुपये की रिश्वत

यह मामला जमीन पर कब्जा बरकरार रखने से जुड़ा है. ग्राम टोरिया निवासी किसान मनोज कुमार के मुताबिक, क्षेत्रीय लेखपाल विपुल तिवारी ने उसकी जमीन पर कब्जा बनाए रखने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपये देने के लिए कहा गया था. मनोज रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने लेखपाल को रंगे हाथ पकड़वाने का फैसला किया. इसके बाद उसने झांसी की भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ट्रैप टीम से शिकायत की.

पैसे लेने के लिए कई जगह बुलाता रहा लेखपाल

शिकायत के बाद रिश्वत लेने के लिए लेखपाल ने मनोज को कई जगह बुलाया. सबसे पहले उसे तुवन चौराहे के पास एक दुकान पर बुलाया गया, लेकिन वहां पैसे नहीं लिए गए. इसके बाद तुवन और फिर शारदा मंदिर के पास बुलाया गया. आखिर में दोपहर करीब 3 बजे आजादपुरा स्थित शारदा बिहार कॉलोनी में किराए के मकान के बाहर पैसे लेकर आने को कहा गया.

पैसे मिलते ही ट्रैप टीम ने दबोचने की कोशिश की

जैसे ही मनोज ने लेखपाल को 15 हजार रुपये दिए, ट्रैप टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की. टीम को देखते ही लेखपाल तुरंत दौड़कर अपने किराए के मकान के अंदर घुस गया और दरवाजा बंद कर लिया. इसके बाद टीम ने उसे बाहर आने के लिए कहा, लेकिन काफी देर तक गेट नहीं खोला गया.

गैस चूल्हे पर जला दिए रिश्वत के नोट

आरोप है कि कमरे के अंदर लेखपाल ने रिश्वत में मिले नोट गैस चूल्हे पर जला दिए. जब काफी कोशिश के बाद भी गेट नहीं खुला तो टीम ने बल प्रयोग कर उसे खोला. अंदर पहुंचने पर कमरे में कागज जलने का धुआं भरा हुआ था. किचन के सिंक में जले हुए नोटों के अवशेष मिले, जिन्हें एंटी करप्शन टीम ने बरामद कर लिया.

हाथ धुलवाए गए तो केमिकल टेस्ट में बदला रंग

नोट जलाने की कोशिश के बाद टीम ने लेखपाल के हाथों को केमिकल से धुलवाया. जांच के दौरान उसके हाथों का रंग गुलाबी हो गया. इसके बाद टीम ने आरोपी लेखपाल को गिरफ्तार कर लिया.

प्रतापगढ़ का रहने वाला है लेखपाल, ललितपुर में था किराए पर

जांच में आरोपी की पहचान विपुल तिवारी पुत्र बजरंगवली तिवारी के रूप में हुई है. वह प्रतापगढ़ जिले के थाना आशपुर देवसरा क्षेत्र के ग्राम आमापुर पट्टी का रहने वाला है. वर्तमान में वह ललितपुर के आजादपुरा थाना कोतवाली क्षेत्र की डमडम कॉलोनी में अमन श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रह रहा था.

2023 में पैमाइश के बाद किसान को मिला था कब्जा

किसान मनोज कुमार पुत्र स्व. ग्याप्रसाद के मुताबिक, उसकी जमीन की पैमाइश पहले ही हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि 30 मई 2023 को तत्कालीन लेखपाल ने जमीन की पैमाइश कर हदबंदी की पुष्टि की थी. इसके बाद उन्हें प्लॉट पर कब्जा दिलाया गया और फील्ड बुक के अनुसार पत्थर भी लगवा दिए गए थे.

गाटा संख्या 767 को लेकर फिर खड़ा हुआ विवाद

मनोज के मुताबिक, बाद में क्षेत्रीय लेखपाल विपुल तिवारी ने उसे गाटा संख्या 767 को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि खातेदार मानसिंह और शिवराज ने राजस्व की धारा 30(2) के तहत कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है और इसमें रंग भरने की कार्रवाई होनी है.

जमीन पर पहले से कब्जा होने की बात कहता रहा किसान

मनोज का कहना है कि उसने लेखपाल को साफ बताया था कि उसकी जमीन की पत्थर गड्डी पहले ही हो चुकी है और वह अपनी जमीन पर काबिज है. इसके बावजूद आरोप है कि लेखपाल उस पर रिश्वत देने का दबाव बनाता रहा. आखिरकार मनोज ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी.

रिश्वत के मामले में मुकदमा, आगे की कार्रवाई जारी

ट्रैप कार्रवाई के बाद आरोपी लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. एंटी करप्शन टीम ने जले हुए नोटों के अवशेष समेत जरूरी साक्ष्य बरामद किए हैं. फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Also Read:65 देशों के 447 खरीदार भदोही पहुंचे, महंगे कालीनों से क्यों हुआ मोहभंग? सस्ते कारपेट ने खींचा विदेशी ग्राहकों का ध्यान



Source link