लखनऊ। जानकीपुरम के सेक्टर-7 में करीब 50 लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए हैं। इनमें आठ मरीजों की हालत गंभीर है। इन्हें बीकेटी स्थित राम सागर मिश्र हॉस्पिटल और जानकीपुरम के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाके में शिविर लगाया है। स्थानीय नागरिकों ने बीमारी की वजह दूषित पानी की आपूर्ति बताया है।

सबसे पहले जानकीपुरम के सेक्टर-7 निवासी फैयाज के साथ ही उनके घरवालों को उल्टी-दस्त की समस्या शुरू हुई। इसके बाद एक पड़ोस की आयुषी, कोकिला, मुकेश, प्रियांशु, रमेश, अनीता, संजय, ताहिरा, श्याम, सुरेश, अमित, प्रभु, शिखा, कमलेश, पंकज और अविरल समेत करीब 50 लोग बीमारी की चपेट में आ गए। इनमें से ज्यादातर लोगों ने पहले स्थानीय निजी क्लीनिक में दिखाया। चिकित्सक ने गंभीर लोगों को जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर और राम सागर मिश्र हॉस्पिटल भेजा। एक ही मोहल्ले के ढेर सारे लोगों के बीमार होने की बात सामने आने पर सीएमओ कार्यालय में इसकी सूचना दी गई।


सूचना के बाद लगाया गया चिकित्सा शिविर

क्षेत्र में बीमारी फैलने की जानकारी होने पर सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर अलीगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. विनय सिंह, जानकीपुरम पीएचसी प्रभारी डॉ. नीरज, डॉ. अंजलि, डिप्टी सीएमओ डॉ. निशांत निर्वाण टीम के साथ माैके पर पहुंचे। टीम ने शिविर लगाकर लोगों की जांच की और दवाएं बांटीं। इसके साथ ही घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है।


इन मरीजों की हालत गंभीर

क्षेत्र में बीमारी फैलने के बाद कई मरीजों को एंबुलेंस से राम सागर मिश्र हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें से फैयाज, राबिया, जोया, रूबिया, प्रियांशु, सोनिया, महबूब व रूबीना की हालत गंभीर होने की वजह से भर्ती किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि इलाज के बाद से मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है।


गंदगी और गंदे पानी की आपूर्ति

जानकीपुरम विस्तार आवासीय महासमिति के महासचिव विनय कृष्ण पांडेय के मुताबिक क्षेत्र में कई दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। गंदगी भी है। गंदगी के लिए जिम्मेदारों को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पूरे क्षेत्र की नियमित साफ-सफाई होनी चाहिए।


क्षेत्र में हो चुकी है एक माैत

विनय कृष्ण पांडेय के मुताबिक, गंदे पानी की आपूर्ति होने से कुछ दिन पहले क्षेत्र में संविदा कर्मचारी के 10 साल के एक बच्चे की पीलिया से माैत हो चुकी है। उसका इलाज बलरामपुर अस्पताल से चल रहा था।

अस्पताल में भर्ती मरीज एवं जानकीपुरम में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम। 

अस्पताल में भर्ती मरीज एवं जानकीपुरम में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम। – फोटो : संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *