इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद टूंडला की आठ दशक पुरानी प्रसिद्ध श्रीनगर रामलीला का स्थान बदल दिया गया है। परिषदीय विद्यालय प्रांगण में हो रहे आयोजन पर रोक लगने के बाद अब यह महोत्सव रामलीला मैदान के बाहर सत्यम पार्क में होगा। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को डीएम रमेश रंजन से मुलाकात कर आयोजन की अनुमति प्राप्त की। इसके बाद बुधवार से महोत्सव नए स्थान पर शुरू हो जाएगा।
रामलीला महोत्सव कमेटी के संयोजक जयजीव पाराशर, अध्यक्ष कृष्ण हरेंद्रपाल सिंह और अन्य पदाधिकारी जिलाधिकारी रमेश रंजन से मिले। उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि रामलीला को यथास्थान जारी रखने दिया जाए। हालांकि, डीएम ने कोर्ट के आदेश का सम्मान करने की बात कहते हुए अन्य स्थान पर आयोजन का सुझाव दिया। इस पर कमेटी ने रामलीला मैदान के बाहर स्थित सत्यम पार्क में आयोजन की अनुमति मागी, जिसे जिलाधिकारी ने स्वीकार कर लिया। डीएम ने कमेटी को आश्वासन दिया है कि नए स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण हरेंद्रपाल सिंह परमार ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।