रामपुरा (जालौन)। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रविवार को थाना रामपुरा तथा मध्य प्रदेश सीमा (एमपी बॉर्डर) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया और उनके रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह एवं उपनिरीक्षकों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सीमा क्षेत्र में सतर्कता तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यालय व्यवस्था की सराहना की। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर साफ-सुथरा एवं अभिलेख व्यवस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने एमपी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लेते हुए सीमा क्षेत्र में नियमित चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर अंकुश लगाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *