आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की अटलपुरम टाउनशिप योजना फेस-1, 2 व 3 में 462 रिक्त आवासीय भूखंडों के लिए कुल 410 लोगों ने आवेदन किए हैं। मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) के भूखंडों की सबसे ज्यादा मांग देखने को मिली है। इन भूखंडों के आवंटन के लिए लॉटरी 6 जुलाई को सूरसदन प्रेक्षागृह में निकाली जाएगी।
अटलपुरम के सेक्टर 1 से 8 तक के रिक्त भूखंडों के लिए 14 मई से 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। प्राधिकरण के अनुसार सभी 410 आवेदनों के दस्तावेज का परीक्षण किया जा रहा है। जिन फॉर्मों में त्रुटियां मिलेंगी, उनकी सूची 22 जून को एडीए की वेबसाइट और कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी।
आवेदक 22 से 29 जून तक प्राधिकरण कार्यालय में आवेदन की कमियां दूर करा सकते हैं। एमआईजी-3 के 46 भूखंडों के लिए सर्वाधिक 172 और एमआईजी-1 के 16 भूखंडों के लिए 74 आवेदन आए हैं। वहीं, 300 वर्ग मीटर से बड़े सुपर एचआईजी के 171 भूखंडों के लिए मात्र 25 लोगों ने ही रुचि दिखाई है। एडीए उपाध्यक्ष एम अरून्मौली ने बताया कि 6 जुलाई को लॉटरी के माध्यम से भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।