आगरा के कुबेरपुर थाना क्षेत्र के गांव नवलपुर में मंगलवार रात चोरों ने यूपी पुलिस के जवान के बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने मकान का टट्टर काटकर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी चुरा ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जवान चंद्रकांत की पत्नी राधा के अनुसार चोर घर से सोने की एक चेन, चांदी की एक चेन, दो अंगूठी, करदनी, दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुआ और सात हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हुए। इसी रात, चोरों ने गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय को भी निशाना बनाने का प्रयास किया। चोरों ने विद्यालय के ताले तोड़ दिए, लेकिन वे अंदर से कोई भी सामान चोरी नहीं कर सके।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ चोरों की तलाश में जुटी हुई है। एसीपी देवेश सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
