इटावा। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रशांत पोरवाल की कार्यशैली और भाषा शैली के विरोध में ब्लॉक बसरेहर के ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों का धरना प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने का कहना है कि जब तक एडीओ पंचायत को ब्लॉक से हटाया नहीं जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और वह विभागीय कार्य नहीं करेंगे।
मंगलवार को ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष पूरन सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष दीपक यादव, जिला मंत्री मनोज कुमार मिश्रा, प्रांतीय प्रतिनिधि विवेक कुमार, संदीप कुमार सविता और संगठन मंत्री राहुल श्रीवास्तव ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने धरना दे रहे सचिवों की समस्याएं सुनीं और जिला स्तरीय अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान ब्लॉक के सभी सचिवों ने संगठन पदाधिकारियों के सामने एक ही मांग रखी कि प्रशांत पोरवाल को ब्लॉक से हटाए जाने तक धरना जारी रहेगा। कर्मचारियों ने कहा कि मांग पूरी होने तक वह किसी भी विभागीय कार्य में सहयोग नहीं करेंगे। धरने में सचिव आलोक चौहान, समीउद्दीन, प्रदीप कुमार, नीरज यादव, शिवम कुमार, ज्योति यादव, आरती यादव, प्रीति, सौरभ कुमार, सुशील कुमार, मृदुल शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, हेमंत कुमार व ब्लॉक के अन्य सचिव शामिल रहे। (संवाद)
