आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर संविदा पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को दो माह से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने हंगामा करते हुए सफाई कार्य ठप कर दिया। अधिकारियों के खिलाफ हाथों में तख्तियां लेकर नारे लगाए। बाद में मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार से धरने पर बैठेंगे।
आगरा कैंट पर सफाई कर्मचारियों ने सुबह 9 बजे से ही सफाई कार्य ठप कर दिया। आरोप है इस पर रेलवे के अधिकारियों ने बाहर से सफाईकर्मी बुलाकर सफाई कराना शुरू कर दिया। इससे उनका आक्रोश और बढ़ गया। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को समस्या बताने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बढ़ा हुआ वेतन, बकाया वेतन और पीएफ का भुगतान कराने की मांग की।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि रेलवे अधिकारियों के निजी स्वार्थ के कारण संबंधित कंपनी के बिल पास नहीं किए जा रहे हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने रेलवे अधिकारियों के विरुद्ध प्रदर्शन किया। स्टेशन पर हंगामा किया। ज्ञापन में कुछ अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप भी लगाए। कर्मचारियों ने डीआरएम से मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में अशोक, सनी, अर्जुन, मोहन, गौतम, अजय, संगीता, माला, प्रीति, सीमा, रेखा, कट्टोरी, निर्मला और रोशनी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
