खंदौली। अलीगढ़ परिक्षेत्र से संचालित होने के कारण वर्षों से उपेक्षा का शिकार रहे खंदौली बस स्टेशन के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। खंदौली से अलीगढ़ की दूरी करीब 67 किलोमीटर होने के चलते इस स्टेशन की व्यवस्थाओं और सुविधाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा था। क्षेत्रीय जनता की मांग पर विधायक धर्मपाल सिंह के प्रयासों से अब बस स्टेशन के नवनिर्माण के लिए 1.32 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर हुई है।

नए सिरे से बनने वाले इस आधुनिक स्टेशन का निर्माण कार्य नवंबर माह से शुरू होने की उम्मीद है, जिसे आगामी आठ महीने में पूरा कर लिया जाएगा। यहां यात्रियों के बैठने के लिए भव्य प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय सहित अन्य सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पुराने ढांचे को ढहाकर इसे पूरी तरह सुविधाजनक बनाया जाएगा।

इस योजना के तहत सबसे बड़ा प्रशासनिक बदलाव स्टेशन के संचालन तंत्र में होगा। अब खंदौली बस स्टेशन का नियंत्रण अलीगढ़ के बजाय सीधे आगरा परिक्षेत्र के पास रहेगा। इसके साथ ही आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर संचालित होने वाली सभी अनुबंधित व रोडवेज बसों का खंदौली पर ठहराव अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाएगा। इससे क्षेत्रीय यात्रियों को आगरा, अलीगढ़ और आसपास के जनपदों में आवागमन के लिए बेहतर परिवहन सेवा मिल सकेगी।

ग्रामीणों की पुरानी मांग हुई पूरी: विधायक

विधायक धर्मपाल सिंह ने बताया कि खंदौली बस स्टेशन के कायाकल्प के लिए 1.32 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। क्षेत्रीय जनता लंबे समय से इसे आगरा परिक्षेत्र से संचालित करने और यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर रही थी। नवंबर से धरातल पर काम शुरू कराकर आठ माह में इसे आधुनिक स्वरूप दे दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें