आगरा। फतेहाबाद तहसील क्षेत्र में किसानों और खातेदारों की खतौनियों में दर्ज गलतियों व अंश की गड़बड़ियों को ठीक कराने के बदले लेखपालों द्वारा मोटी रकम वसूले जाने का मामला सामने आया है। डीएम मनीष बंसल ने मामले में रिपोर्ट तलब की है।

शिकायत के बाद तहसीलदार फतेहाबाद ने राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्र के राजस्व ग्रामों में विशेष अभियान चलाकर दो सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत त्रुटियां सुधारने के कड़े निर्देश दिए हैं।

दरअसल, भाजपा सह संयोजक, शिक्षण संस्थान बृज क्षेत्र डॉ. राजकुमार उपाध्याय ने शिकायत करते हुए कहा था कि फतेहाबाद तहसील के किसानों की खतौनियों में बड़ी त्रुटियां, अंशों में गड़बड़ी और अन्य खामियां हैं, जिससे किसान व खातेदार परेशान हैं। आरोप लगाया कि जब पीड़ित किसान व खातेदार अपने अंश और गलतियां दुरुस्त कराने लेखपालों के पास पहुंचते हैं, तो उनसे मोटी रकम वसूली जाती है।

चेतावनी भी दी गई कि यदि 5 दिसंबर तक खतौनियों की गलतियां, खामियां और अंश की त्रुटियां ठीक नहीं हुईं, तो 15 दिसंबर को किसानों व खातेदारों को तहसील परिसर में आंदोलन करना पड़ेगा। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तहसीलदार ने विशेष अभियान चलाकर शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।



Source link