जसवंतनगर। ग्राम धरवार में विवाहिता की मौत के मामले में पिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र के हराई निवासी नेत्रपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी प्रीति की शादी करीब छह वर्ष पहले धरवार निवासी राजकुमार उर्फ राजू पुत्र चंद्रपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर चंद्रपाल, सास सुनीता देवी और ननद रेनू अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि बृहस्पतिवार को सास, ससुर और ननद ने मिलकर प्रीति के सिर में चोट पहुंचाई और बाद में शव को फंदे पर लटका दिया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना सीओ जसवंतनगर को सौंपी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

