फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के गांव आसे का पुरा में तालाब का पानी खेत में भरने से फसल बर्बाद होने से परेशान किसान ने फंदे पर झूलकर जान दे दी। रक्षाबंधन के चलते पत्नी और बच्चे मायके गए हुए थे। युवक घर में अकेला था। बृहस्पतिवार सुबह भतीजे ने आम के पेड़ की डाल पर उसका शव लटका देखा, तो परिजन को सूचना दी। परिजन फसल बर्बाद होने पर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं, जबकि पुलिस गृह क्लेश के चलते आत्मघाती कदम उठाने की बात कह रही है।
परिजन के मुताबिक, आसे का पुरा निवासी सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता (32) पुत्र वीर सिंह का मकान तालाब के किनारे है। मकान के पीछे उसका खेत है। बारिश के दौरान तालाब ओवरफ्लो होने से पानी खेत में भर जाता है, जिससे हर वर्ष फसल बर्बाद हो जाती है। इस बार सत्यप्रकाश ने दो बार बाजरा की बुवाई की थी, लेकिन खेत में पानी भरने के कारण दोनों बार फसल नष्ट हो गई। परिजन का कहना है कि फसल खराब होने के साथ ही इस समय मजदूरी भी नहीं मिल रही थी। इससे परिवार के भरण-पोषण को लेकर सत्यप्रकाश परेशान था। रक्षाबंधन पर उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी। बुधवार रात सत्यप्रकाश घर में अकेला था। इसी दौरान उसने घर के पीछे खेत में खड़े आम के पेड़ की डाल पर रस्सी डालकर फंदा लगा लिया। बृहस्पतिवार सुबह उसका भतीजा शौच के लिए गया, तो उसने सत्यप्रकाश को पेड़ पर लटका देखा। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलने पर पत्नी बच्चों के साथ घर पहुंची, तो चीख-पुकार मच गई। मृतक के दो पुत्रियां और एक पुत्र है।
गृह क्लेश के चलते युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -इमरान अहमद, एसीपी फतेहाबाद
मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-स्वाति शर्मा, एसडीएम फतेहाबाद
