फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के दो प्राथमिक विद्यालयों को चोरों ने रविवार रात निशाना बनाया। गांव मुरावल के विद्यालय से चोर दो बैटरी, इन्वर्टर और बच्चों के खेलकूद का सामान चोरी कर ले गए। वहीं, गांव खरगपुरा के प्राथमिक विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलिंडर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

गांव मुरावल स्थित प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका मीना राजपूत ने थाने में तहरीर देकर पुलिस को बताया कि रविवार रात चोर पीछे की दीवार के सहारे विद्यालय में घुसे। चोरों ने स्मार्ट क्लास के गेट की कुंडी काटकर उसमें रखी दो बैटरी, इन्वर्टर और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। इसके बाद बगल के कमरे का ताला तोड़कर अलमारी और बक्से में रखा बच्चों के खेलकूद का सामान भी चोरी कर लिया। चोर विद्यालय के बाहर सोलर पैनल की लाइन क्षतिग्रस्त कर केबल भी ले गए। वहीं, एलसीडी चोरी करने का प्रयास किया गया। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे विद्यालय पहुंचने पर कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा मिला।

वहीं गांव खरगपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक हरिओम सिंह ने तहरीर देकर बताया कि रविवार रात चोर रसोईघर का ताला तोड़कर उसमें रखा गैस सिलिंडर और अन्य सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह रसोइया गोमती देवी विद्यालय पहुंचीं तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दोनों विद्यालयों में हुई चोरी की घटनाओं की जांच कर रही है।

वर्जन…

एक विद्यालय से सिलिंडर और बर्तन चोरी होने की सूचना मिली है। वहीं, दूसरे विद्यालय से बैटरी और इन्वर्टर चोरी होने की जानकारी मिली है। पुलिस टीम भेजकर दोनों मामलों की जांच कराई जा रही है।

– इमरान अहमद, एसीपी फतेहाबाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *