आगरा। करीब 18 साल पुराने लूट के एक मामले में आरोपी भुलई को साक्ष्यों के अभाव में एडीजे-8 रविकांत की अदालत ने दोषमुक्त कर दिया।सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष आरोपी की पहचान और बरामदगी को ठोस साक्ष्यों के साथ साबित नहीं कर सका। मामले में पुलिस की चूक सामने आई।
प्राथमिकी के अनुसार, 6 मई 2008 की शाम करीब चार बजे सोहन कुमार तिवारी अपनी 12 और 10 वर्षीय भतीजी के साथ जरार में हुए भागवत भंडारे से प्रसाद लेकर घर लौट रहे थे। पाठकपुरा के पास हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बाइक न रोकने पर बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे चाचा और दोनों भतीजियां सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने बाइक, नकदी और मोबाइल लूट लिया और बाह की ओर भाग गए थे।
पुलिस ने जांच के बाद जिला फिरोजाबाद के गांव उरावर निवासी भुलई, बंटी उर्फ शिवमोहन और विनोद कुमार के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया। बाद में अदालत ने अन्य दो आरोपियों की पत्रावली अलग कर दी। अभियोजन पक्ष ने वादी व भतीजी समेत सात गवाह पेश किए लेकिन मुकदमे में कई अहम खामियां सामने आईं। सुनवाई में स्पष्ट हुआ कि पुलिस ने वादी और भतीजी से आरोपियों की शिनाख्त नहीं कराई। साथ ही, बरामदगी के समर्थन में कोई स्वतंत्र गवाह भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी आधार पर अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए आरोपी को बरी कर दिया।
