यमुनापार। बुढ़ापे में आर्थिक सहारे की आस को लेकर वृद्धा पेंशन का लाभ पाने की तैयारी कर रहीं 63 वर्षीय बिट्टो देवी की हादसे में जान चली गई। बृहस्पतिवार सुबह घर के बाहर बैठकर बर्तन धोते समय मकान का छज्जा भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।

हादसा एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के गोकुल नगर में बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। बिट्टो देवी सुबह नहाने के बाद डिग्री कॉलेज में लगने वाले सरकारी योजनाओं के शिविर में जाने की तैयारी कर रही थीं। उन्हें वृद्धावस्था पेंशन के लिए आवेदन करना था। इसी बीच घर के बाहर बैठकर बर्तन धोते समय अचानक मकान का छज्जा उनके ऊपर आ गिरा। छज्जा गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बिट्टो देवी के परिवार में दो बेटे हैं। बड़ा बेटा श्यामवीर ट्रक चालक है। वह पत्नी और दो बच्चों के साथ अलग मकान में रहता है। छोटा बेटा पुष्पेंद्र मानसिक रूप से कमजोर है और मां के साथ ही रहता था। परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहीं बिट्टो देवी बुढ़ापे में पेंशन के सहारे की उम्मीद लगाए थीं। जिस सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए वह आवेदन करने जा रही थीं, उससे पहले ही हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। संवाद



Source link