आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र की विष्णु कॉलोनी में तीन युवक ताले तोड़कर एक घर में घुस गए। परिवार शादी समारोह में गया था। कीमती सामान समेटते वक्त परिवार लौट आया। तमंचा तान देने पर पिता-पुत्र ने बहादुरी से दो को दबोच लिया। तीसरा भाग निकला।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अलीगढ़ से पेशी पर आए थे। किराया और अन्य खर्च का इंतजाम करने के लिए बंद घर देख चोरी करने की कोशिश की। विष्णु काॅलोनी निवासी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि वह बुधवार रात परिवार के साथ शादी समारोह में गए थे। रात साढ़े 11 बजे दावत से लौटे। घर के मेन गेट का ताला टूटा दिखा। पूरा परिवार सतर्क हो गया। अंदर से खटपट की आवाज आ रही थी।
वह बेटे राहुल व अमित के साथ चुपचाप अंदर घुसे तो सीढि़यों के पास दो युवक खड़े दिखे। पकड़ने का प्रयास करने पर उनमें से एक ने तमंचा तान दिया। गोली मारने की धमकी देने लगा। इसी बीच ऊपर से उनका तीसरा साथी उतरा। उसके हाथ में सब्बल था। वह सब्बल लहराते हुए भाग निकला। उन्होंने दोनों बेटों की मदद से दो युवकों को जमीन पर गिरा लिया। शोर सुनकर पड़ोसी आ गए।
तलाशी में चोरों के पास घर से चोरी किए जेवर मिले। तमंचा, सब्बल, रिंच और बाहर खड़ी बाइक भी मिली। आरोपियों ने अपने नाम अलीगढ़ के सिविल लाइंस क्षेत्र के जमालपुर के हमदर्द नगर निवासी कलीम और बारह बीघा, रोरावर अलीगढ़ निवासी मुवीन बताए। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पर शातिर चोर होने के मामले हैं। आगरा में न्यायालय में पेशी के बाद खर्च निकालने के लिए उन्होंने रेकी कर वारदात की।
वर्जन…
लोगों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को चोरी अंजाम देते समय गिरफ्तार किया है। उनसे चोरी का सामान और हथियार बरामद हुए हैं। प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। भागे हुए साथी की तलाश में टीम अलीगढ़ भेजी गई है। – डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी, एसीपी लोहामंडी
—–
