सोनौली। भारत-नेपाल सीमा के रास्ते 5.50 लाख भारतीय रुपये लेकर नेपाल जा रहे कुशीनगर के एक युवक को रूपनदेही जिले के बेलहिया में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भारतीय यूनियन बैंक का एक चेक और मोबाइल भी बरामद हुआ है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रकम के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
बुधवार की देर शाम भैरहवा स्थित सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 के पीपलबोट चेकपोस्ट पर सशस्त्र पुलिस बल नेपाल की सीमा सुरक्षा गुल्म डंडा और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम जांच कर रही थी। इसी दौरान सार्वजनिक ई-रिक्शा से भारत से नेपाल की ओर जा रहे यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई। इस दौरान एक भारतीय नागरिक के बैग से रुपये बरामद हुए। पकड़े गए युवक की पहचान कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चिरायुपाली गांव निवासी संतोष सिंह (45) के रूप में हुई है।
सशस्त्र पुलिस बल के डीएसपी गोपीकृष्ण भट्टराई ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। बरामद रकम कहां से आई और उसे नेपाल ले जाने का क्या उद्देश्य था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। आवश्यक कार्रवाई के लिए युवक को संबंधित पुलिस कार्यालय के सुपुर्द किया गया है।
