आगरा। होम लोन दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 4.08 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने महिला को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। जगदीशपुरा थाने में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कन्नौज निवासी मंजू आगरा में एक चिकित्सक के पास काम करती हैं। 15 सितंबर, 2025 को उनकी मुलाकात रविंद्र राठौर से हुई। रविंद्र ने उन्हें विकास कुमार सक्सेना से मिलवाया, जिसका कार्यालय फाइनेंशियल फ्रीडम एक्सपर्ट के नाम से था। आरोपियों ने मंजू को 17.55 लाख रुपये में मकान दिलाने और होम लोन कराने का भरोसा दिया। इसके लिए उन्होंने चार लाख रुपये अग्रिम और आठ हजार रुपये होम लोन प्रक्रिया के खर्च के नाम पर मांगे। मंजू ने अलग-अलग तारीखों में कुल 4.08 लाख रुपये आरोपियों के खातों में हस्तांतरित किए और नकद भी दिए। उन्होंने आधार कार्ड, पैन कार्ड और आठ फोटो भी दिए। बाद में चेक दिया गया जो बाउंस हो गया। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने विकास कुमार सक्सेना, मीरा सक्सेना, राहुल, वर्षा और रविंद्र राठौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link