इटावा। मोबाइल में महिला सहकर्मी की एआई से एडिट की गई फोटो देखकर नाराज पत्नी शुक्रवार सुबह निजी अस्पताल पहुंच गई। आरोप है कि उसने अल्ट्रासाउंड रूम में घुसकर पति के साथ हाथापाई की। घटना के बाद पति खुद जिला अस्पताल पहुंचा और पत्नी व ससुरालियों पर पिछले तीन दिनों से अभद्रता करने का आरोप लगाया।
खतराना टोला निवासी अंकित ने बताया कि वह महेरा चुंगी के पास स्थित एक निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड असिस्टेंट है। दो दिन पहले पत्नी ने उसके साथ अभद्रता की थी। इस पर उसने कोतवाली में शिकायत की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया था। उसके मोबाइल में किसी स्टाफकर्मी ने महिला सहकर्मी की एआई से एडिट की गई फोटो बनाई थी। मोबाइल में फोटो देखकर पत्नी नाराज हो गई।
उसने पत्नी को समझाया कि फोटो उसने नहीं बनाई है, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुई। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे पत्नी अस्पताल पहुंची और अल्ट्रासाउंड रूम में उसके साथ हाथापाई की। उसने साले के राजनीतिक रसूख के चलते पुलिस में सुनवाई नहीं होने का आरोप भी लगाया। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि उनके पास इस संबंध में कोई सूचना नहीं आई है।(संवाद)

