फतेहपुर। शहर के राधानगर क्षेत्र में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर पूर्व मंत्री के पुत्र ने शिक्षक से आठ लाख रुपये ठग लिए। शिक्षक का दावा है कि आरोपी के कहने पर उन्होंने रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के चक बबुल्लापुर निवासी सौरभ सिंह बहुआ इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जयराम नगर निवासी संजय पाल उनके पूर्व परिचित हैं। बसपा सरकार में मंत्री रहे और वर्तमान में भाजपा नेता अयोध्या प्रसाद पाल के पुत्र संजय पाल हैं।
आरोप है कि संजय पाल ने उन्हें प्लॉट दिलाने का भरोसा दिया था। उनके कहने पर शिक्षक ने नौ जनवरी 2024 को संजय पाल की पत्नी मधुपाल के खाते में यूटीआर नंबर के माध्यम से आठ लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। रकम मिलने के बाद न तो प्लॉट दिया गया और न ही रुपये लौटाए गए।
शिक्षक का आरोप है कि रकम मांगने पर संजय पाल लगातार समय देकर टालते रहे। 11 नवंबर 2026 को रुपये मांगने पर अभद्रता की गई और रकम लौटाने से इन्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है। बैंक से लेनदेन का विवरण लेकर आगे की जांच की जाएगी।
मेरी और मेरे पिता की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह प्रयास किया जा रहा है। मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और विश्वास है कि न्यायालय में सच्चाई सामने आएगी। हमें न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है।
– संजय पाल, बेटा पूर्व बसपा मंत्री।

