आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर स्टार और शहर की बेटी दीप्ति शर्मा एक बार फिर देश के लिए ”गोल्डन मिशन” पर निकल पड़ीं हैं। सोमवार को मुंबई से भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ एशियाई खेलों में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गईं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की व्यस्तता के बीच ताजनगरी पहुंचीं दीप्ति ने रविवार को एक दिन पहले ही परिवार के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाया।

लिया मां के हाथ से बने खाने का स्वाद

लंबे समय बाद घर लौटीं दीप्ति के लिए उनकी मां सुशीला शर्मा ने बड़े प्यार से उनकी पसंद का खाना तैयार किया और अपने हाथों से खिलाया। मां के हाथ से निवाला पाते ही दीप्ति भावुक हो उठीं। हनुमान जी की अनन्य भक्त दीप्ति ने देश के लिए महत्वपूर्ण इस अभियान पर रवाना होने से पहले स्थानीय हनुमान मंदिर में माथा टेका और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके अलावा जन्मदिन पर उन्होंने हाल ही में खरीदी गई नई मर्सिडीज कार का भी पूजन किया।

भाई से किया तिरंगे की शान बढ़ाने का वादा

रवाना होने से पहले उनके भाई सुमित शर्मा ने दीप्ति का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें अपनी पूरी क्षमता के साथ निर्भीक होकर खेलने की सलाह दी। इस पर दीप्ति ने भरोसा दिलाया कि वह मैदान पर अपना सौ प्रतिशत देंगी और एक बार फिर देश को गौरवान्वित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।

संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *