उरई। इंडस्टि्रयल एरिया कालपी को हमीरपुर रोड से जोड़ने के लिए नई सड़क बनाने का काम जल्द शुरू होगा। सोमवार को विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला व्यापार बंधु, जिला उद्योग बंधु और श्रम विभाग की संयुक्त बैठक में डीएम राजेश कुमार पांडेय ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। बजट आते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा डीएम ने व्यापार एवं उद्योग से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सब्जी मंडी के स्थानांतरण, राठ रोड पर धान मिल से हाईवे तक सड़क चौड़ीकरण, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत और कालपी औद्योगिक क्षेत्र के वैकल्पिक मार्ग समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इस पर डीएम ने बताया कि कालपी इंडस्टि्रयल एरिया वाली सड़क का 46 करोड़ रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। राठ रोड के चौड़ीकरण के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि इसका आगणन शासन को भेजा जा चुका है। डीएम ने कहा कि स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जाए, ताकि लोगों और व्यापारियों को आवागमन में राहत मिल सके।
निवेश मित्र के लंबित प्रकरणों पर भी डीएम ने नाराजगी जताते हुए समयसीमा के बाद लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ उद्यमियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाने और निर्धारित समय में सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।
श्रम विभाग की समीक्षा में श्रमिकों के अधिक से अधिक पंजीकरण कराने तथा पात्र श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। बैठक में सीडीओ केके सिंह, उपायुक्त सचिव जिला स्तरीय व्यापार बंधु अमित यादव, नरेंद्र तिवारी, संतोष गुप्ता, उपायुक्त उद्योग धर्मेंद्र भास्कर समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और व्यापार-उद्योग बंधु के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
