आगरा। हवाई हमले से बचाव की तैयारियां परखने के लिए रविवार शाम छह बजे पुलिस लाइन में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। सायरन बजते ही आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक के दौरान एडीएम सिटी एवं प्रभारी नागरिक सुरक्षा यमुनाधर चौहान ने दी।
एडीएम ने बताया कि शासन के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास के तहत शाम छह बजे नागरिक सुरक्षा विभाग की ओर से ऊंची-नीची आवाज में खतरे का सायरन बजाया जाएगा। सायरन की आवाज के साथ ही टोरंट पावर आसपास के इलाके की बिजली बंद कर देगा और मौके पर मौजूद प्रतिभागी सुरक्षित स्थानों (शेल्टर) में शरण लेंगे। छह मिनट बाद शाम 6:06 बजे हमला समाप्त होने का तेज सायरन बजने पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
इसके बाद आग बुझाने और बचाव कार्य का अभ्यास होगा। बड़ी आग पर अग्निशमन विभाग और छोटी आग पर नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक काबू पाएंगे। एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवक घायलों को प्राथमिक उपचार देंगे, जबकि गंभीर घायलों को स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग, होमगार्ड्स और स्वयंसेवक क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालेंगे।
एडीएम ने पुलिस लाइन के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि यह केवल आपात स्थिति से निपटने का पूर्वाभ्यास है, इसलिए किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। बैठक में उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा मुनेश कुमार गुप्ता समेत कई विभागों के अधिकारी माैजूद रहे।

