फतेहपुर। जिले में उद्योगों से जुड़े निवेश मित्र पोर्टल पर 67 आवेदन विभागीय स्तर पर लंबित हैं। शुक्रवार को कलक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में डीएम निधि गुप्ता वत्स ने जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में आवेदनों के लंबित रहने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा में बताया गया कि कुल 475 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 339 को एनओसी जारी की जा चुकी है।
आठ आवेदन निरस्त हुए हैं और 13 पर आपत्तियां लंबित हैं। विभागीय स्तर पर 67 आवेदन लंबित पाए गए। निर्धारित समयसीमा पार होने के बाद केवल एक आवेदन विद्युत विभाग में लंबित मिला। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा।
उपायुक्त उद्योग अजय गुप्ता को भी अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत कराने को कहा। बैठक में उद्यमियों ने चौफेरवा से मिश्रामऊ मार्ग के चौड़ीकरण और मिश्रामऊ से सूबेदार का पुरवा संपर्क मार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने बताया कि संपर्क मार्ग के डामरीकरण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
बिंदकी क्षेत्र में बिजली ट्रिपिंग की समस्या पर डीएम ने नए 11 केवी सेपरेट फीडर की संभावनाओं की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। बैठक में उपायुक्त उद्योग अजय गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह और उद्यमी मौजूद रहे।

