तालानगरी से बरेली जा रहे ट्रक से सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। महुआखेड़ा थाना पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर सरिया के 35 बंडल (करीब 2400 किलोग्राम), ट्रक और कार बरामद की है। आरोपी ट्रक चालक से मिलीभगत कर सरिया चोरी करने के बाद वजन पूरा करने के लिए बालू-मिट्टी व पानी की टंकी रख देते थे। हालांकि चालक आरिफ मौके से भाग गया।

सीओ द्वितीय धनंजय सिंह ने बताया कि शनिवार रात लगभग साढ़े आठ बजे पुलिस टीम गश्त व चेकिंग पर थी। इसी दौरान आस्था पब्लिक स्कूल मोड़ के पास मुखबिर से सूचना मिली कि तालानगरी की फैक्ट्रियों से लोहा लेकर दूसरे शहरों को जाने वाले कुछ ट्रक चालकों की स्थानीय लोगों से सांठगांठ है। ये रास्ते में सुनसान जगह पर माल उतरवाकर चोरी करते हैं। कच्चे रास्ते से करीब 500 मीटर अंदर एक खाली प्लॉट में खड़ी कार के पास ट्रक से सरिया उतारा जा रहा है।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी कर कार के पास खड़े अंकित (मूल निवासी फिरोजाबाद, हाल हरदुआगंज) और ओमप्रकाश (मूल निवासी आगरा, हाल हरदुआगंज) के साथ सरिया उतार रहे चंद्रपाल, जितेंद्र कुमार, संजय कुमार, किशोर कुमार और प्रेम सिंह (चांदगढ़ी व कोंडरा क्षेत्र निवासी) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक संजय कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी मिला है। पुलिस ने ट्रक में मिले बिल को कब्जे में लिया है। यह माल तालानगरी से बरेली भेजा जाना था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर फरार चालक की तलाश और खरीदारों की कड़ियों की जांच शुरू कर दी है।

कबाड़ी से लेकर ट्रक चालक तक मिलीभगत

पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश ने बताया कि वह तालानगरी में लोहे के कबाड़ का काम करता है और ट्रक चालकों से सांठगांठ कर सुनसान जगह पर मजदूरों से सरिया उतरवाकर बेचता है। इसके लिए वह ट्रक चालकों को रुपये देता है। गिरोह रास्ते में ट्रक से जितना लोहा उतारता था। धर्मकांटे पर चेकिंग में वजन कम न पकड़ा जाए इसके लिए ट्रक में उतने ही वजन की बालू, मिट्टी, पत्थर या पानी की टंकी रख देता था। कुछ धर्मकांटों पर सेटिंग कर फर्जी वजन पर्ची तैयार कराने के भी पूर्व में मामले सामने आए हैं। इसके बाद चोरी के सरिये को बेच दिया जाता है।

गौतमबुद्ध नगर के सरिया चोर गैंग से तो नहीं जुड़े तार

पुलिस को आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वह स्थानीय लोगों को ही चोरी का सरिया बेचते हैं लेकिन इस आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता कि आरोपियों के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हों। गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में सरिया चोर गिरोह का पूर्व में खुलासा हो चुका है। इनके चोरी और बिक्री का तरीका उसी गिरोह से मिलता जुलता है। इसके चलते पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई है। ऐसी घटनाओं में जो भी शामिल हैं उन पर कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए आरोपियों के तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं इस संबंध में जांच की जा रही है। तालानगरी क्षेत्र में पुलिस गश्त व चेकिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

नीरज जादौन, एसएसपी अलीगढ़



Source link