भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत लेकर आने वालों को अब एक व्यवस्थित ठिकाना मिलने जा रहा है। खैर रोड पर ग्राम पंचायत लोधा में 4.38 करोड़ रुपये की लागत से भ्रष्टाचार निवारण संगठन के मंडलीय थाने का नया प्रशासनिक भवन तैयार किया जा रहा है।

खास बात यह है कि इस एक परिसर से अलीगढ़ मंडल के चार जिलों में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच और संगठन का प्रशासनिक कामकाज संचालित होगा। भवन में शिकायत दर्ज कराने से लेकर पूछताछ और महत्वपूर्ण अभिलेख सुरक्षित रखने तक के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जाएंगी।

अभी तक भ्रष्टाचार निवारण संगठन का काम विकासखंड जवां के छेरत स्थित नवीन पुलिस लाइन से संचालित हो रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड की निर्माण इकाई आगरा को भवन निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। शासन ने मार्च 2026 में परियोजना को स्वीकृति दी थी। इसके बाद मई 2026 में निर्माण कार्य शुरू हुआ। फिलहाल भवन के भूतल पर चिनाई का काम चल रहा है। निर्माण कार्य करीब 25 फीसदी पूरा हो चुका है।

—–

शिकायत से पूछताछ तक के लिए अलग कमरे

प्रस्तावित भवन में शिकायत दर्ज कराने, जांच अधिकारियों के बैठने, पूछताछ करने और महत्वपूर्ण दस्तावेज को सुरक्षित रखने के लिए अलग-अलग कमरे बनाए जाएंगे। इसके अलावा आंतरिक विद्युतीकरण और पेयजल की व्यवस्था भी होगी। इस तरह शिकायतकर्ता और जांच से जुड़े अधिकारियों को एक ही परिसर में जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।

—

चार जिलों के मामलों का होगा संचालन

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि भवन का निर्माण करीब 25 फीसदी पूरा हो चुका है। भवन तैयार होने के बाद मंडल के चारों जिलों में भ्रष्टाचार संबंधी मामलों की जांच और संगठन के प्रशासनिक कामकाज को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। कार्यदायी संस्था के प्रभारी अनुपम कुमार ने बताया कि निर्माण गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। फिलहाल भूतल पर चिनाई का काम चल रहा है। इसके बाद प्लास्टर, फर्श, आंतरिक विद्युतीकरण और पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।



Source link