Car carrying a group of scholars returning from a Bhagavata Katha falls into a gorge; three injured

जैथरा थाना क्षेत्र में सर्रा पुल से नीचे खाई में गिरी कार। संवाद

जैथरा। भागवत कथा कर घर लौट रही शास्त्री मंडली की कार रविवार को सर्रा पुल के पास अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद गाड़ी में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और गाड़ी में फंसे सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में तीन लोग चोटिल हो गए।


घायलों में कृष्णा सरस्वती शास्त्री निवासी कदरागंज थाना अलीगंज, चंदन निवासी गुरैयापुर और नेमा देवी निवासी नगला हरजू थाना कायमगंज जिला फर्रुखाबाद शामिल हैं। तीनों को जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां उपचार चल रहा है। गाड़ी में बृजेश निवासी मसौना, राजपाल निवासी नगला मुंशी जिला मैनपुरी और अजय राजपूत निवासी बलीपुरा थाना जसरथपुर भी सवार थे।

सभी लोग पलवल में भागवत कथा संपन्न कराने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सर्रा पुल के पास चालक बृजेश का ध्यान भटक गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।



Source link