अंबेडकरनगर। टांडा के चिंतौरा कला में महिला के घर से जेवर, नकदी और मोबाइल चोरी के मामले में आरोपी सैयद हसन उर्फ हेनू को जमानत मिल गई है। प्रभारी सत्र न्यायाधीश पवन कुमार शुक्ला ने बरामदगी का स्वतंत्र गवाह नहीं होने और अभियुक्त का आपराधिक इतिहास प्रस्तुत नहीं किए जाने सहित अन्य परिस्थितियों के आधार पर जमानत मंजूर की।
रुखसाना बेगम 17 सितंबर 2026 को बेटी के कान का ऑपरेशन कराने बस्ती गई थीं। 19 सितंबर को लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला। जांच में सोने-चांदी के जेवर, करीब 30 हजार रुपये और मोबाइल गायब मिले। उन्होंने गांव के सैयद हसन पर शक जताते हुए तहरीर दी, जिस पर 21 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर मोबाइल, 30,120 रुपये और चोरी के जेवर बरामद करने का दावा किया। अदालत ने पाया कि बरामदगी का कोई स्वतंत्र गवाह नहीं था। बरामदगी मेमो में गवाहों को बुलाने के प्रयास या उनके इन्कार का भी उल्लेख नहीं था। अभियोजन आरोपी का आपराधिक इतिहास भी पेश नहीं कर सका। इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने गुण-दोष पर कोई टिप्पणी किए बिना जमानत अर्जी स्वीकार कर ली।
