अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की मांग तेजी से बढ़ रही है। घरेलू गैस सिलिंडर का नया कनेक्शन मिलने में आ रही दिक्कतों के चलते लोग अब पीएनजी की ओर रुख कर रहे हैं। नगर में अब तक 2800 घरों को पीएनजी कनेक्शन दिया जा चुका है, जबकि एक हजार से अधिक लोगों के आवेदन लंबित हैं।
नगर में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत वर्ष 2024 में टोरेंट कंपनी ने की थी। इसके तहत मीरानपुर, रसूलाबाद, शहजादपुर समेत कई वार्डों में गैस पाइपलाइन बिछाई गई। शुरुआत में लोगों ने पीएनजी कनेक्शन लेने में कम रुचि दिखाई, लेकिन अब घरेलू गैस सिलिंडर की उपलब्धता से जुड़ी परेशानियों के कारण इसकी मांग बढ़ने लगी है। बड़ी संख्या में लोग नए कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं।
कंपनी ने पहले चरण में नगर पालिका क्षेत्र में छह हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें से 2800 घरों को कनेक्शन दिया जा चुका है। वहीं, एक हजार से अधिक आवेदन लंबित होने के कारण उपभोक्ताओं को कनेक्शन मिलने का इंतजार है। पीएनजी का दायरा बढ़ने से नगर के अधिक घरों तक पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस पहुंचाने की उम्मीद है। अब कंपनी के सामने लंबित आवेदनों का निस्तारण कर शेष लक्ष्य पूरा करने की चुनौती है।
लंबित कनेक्शन भी जल्द होंगे जारी
नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में पीएनजी कनेक्शन दिए जाने हैं। पहले चरण में छह हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य है, जिसमें 2800 कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। लंबित आवेदनों पर भी जल्द कार्रवाई कर कनेक्शन दिए जाएंगे। – अश्विनी सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, टोरेंट
