अमेठी सिटी। मौसम में आए बदलाव ने मरीजों की मुश्किल बढ़ा दी है। बुखार के साथ ही खांसी व जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सकों ने लोगों को सेहत के प्रति सतर्कता रहने की सलाह दी है।
पिछले एक सप्ताह से दिन व रात के तापमान में दोगुना अंतर है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के बीच रहा। सुबह हल्की बारिश से मौसम ठंडा हो गया। बच्चे इसके प्रभाव में आने लगे हैं। जिला अस्पताल में 595 मरीजों का पंजीकरण किया गया।
इसमें बुखार के 187, ठंड में 78, खांसी के 81, जुकाम के 61 व पेट दर्द के 89 समेत अन्य बीमारी से ग्रसित मरीज रहे। यही हाल गौरीगंज सीएचसी समेत 13 सीएचसी व 30 पीएचसी का भी है। अस्पतालों में अधिकांश जुकाम, बुखार व खांसी के मरीज आ रहे हैं। डॉक्टर भी उपचार करने के साथ दवा देते हुए बचाव विधि बता रहे हैं।
ठंड के साथ बढ़ रहे यह रोग, सेहत का रखें ख्याल
फिजिशियन डॉ शुभम पांडेय ने बताया कि ठंड बढ़ने के कारण अस्पताल में खांसी, जुकाम, बुखार के मरीज आ रहे हैं। इसके साथ ही हड्डी संबंधित रोगियों की भी संख्या बढ़ रही है। ऐसे में मौसम में शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म कपड़े पहनें। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। ठंडा पानी पीने से बचें।
तेज गर्म पानी के स्नान से बचे और पौष्टिक भोजन करें। जहां तक संभव हो पीने में गुनगुने पानी का प्रयोग करें। दोपहिया वाहनों पर सफर करते समय पूरा शरीर ढका होना चाहिए। सीधे तेज हवा के संपर्क में आने से बचें। बच्चों को ठंड से बचाएं, उन्हें गर्म कपड़े पहनाएं। रात के समय पंखे का उपयोग न करें। इससे छोटे बच्चों को ठंड लगने की अधिक संभावना रहती है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अस्पताल में जांच करवाएं।
सब मरीजों का हो रहा उपचार
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि इन दिनों ज्यादातर मरीज सर्दी, जुकाम, खांसी के आ रहे हैं। उन्हें दवाइयां देकर सर्दी से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इस मौसम में लोगों को खानपान के साथ कपड़े पहनने में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। लापरवाही सेहत पर भारी पड़ सकती है।
