जोया। कस्बे में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए बृहस्पतिवार को पुलिस, परिवहन विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। गजरौला और मुरादाबाद की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर सड़क तक सामान फैलाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, दिल्ली के लिए सवारियां भर रही सात डग्गामार अर्टिगा कारों को सीज कर दिया गया।
अभियान में एआरटीओ मनोज कुमार मिश्रा, सीओ सदर डॉ. प्रदीप कुमार, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विपिन सेंगर और डिडौली प्रभारी निरीक्षक शामिल रहे। टीम ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की वीडियोग्राफी कराई और सड़क तक फैला सामान जब्त कर नगर पंचायत भिजवा दिया।
सीओ के निर्देश पर पुलिस ने माइक से दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों ने सर्विस रोड खाली रखने की हिदायत दी। उधर, एआरटीओ टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन कर दिल्ली जा रही पांच डग्गामार अर्टिगा कारों को सीज किया। संयुक्त अभियान से दुकानदारों और वाहन चालकों में खलबली मची रही।