अमरोहा। ट्रेन की चपेट में आकर मौत होने पर रेलवे ट्रैक पार करने का हवाला देकर बीमा कंपनी ने दो लाख रुपये का क्लेम खारिज कर दिया। जिला उपभोक्ता आयोग ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कंपनी की दलील खारिज कर दी। आयोग ने एक महीने में दो लाख रुपये नौ प्रतिशत ब्याज समेत देने के साथ 20 हजार रुपये अतिरिक्त क्षतिपूर्ति और वाद व्यय के रूप में देने का आदेश दिया है।
मामला अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के ऐमनीपुर गांव निवासी परवेंद्र कुमार के चाचा तेजपाल सिंह से जुड़ा है। उनका यूपी प्रथमा ग्रामीण बैंक की देहरी उर्फ हादीपुर शाखा में बचत खाता था। बैंक ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 20 रुपये प्रीमियम काटकर उनका दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कराया था।
29 जनवरी 2024 को कैलसा रेलवे स्टेशन से घर लौटते समय तेजपाल सिंह ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। नामिनी परवेंद्र कुमार ने क्लेम किया, लेकिन बीमा कंपनी ने 10 जून 2025 को यह कहते हुए दावा खारिज कर दिया कि मृतक रेलवे लाइन पार कर रहे थे, जो रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत दंडनीय है।
इसके बाद परवेंद्र कुमार ने जिला उपभोक्ता आयोग में परिवाद दायर किया। आयोग ने जीआरपी की जीडी, पंचायतनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया। पंचायतनामा में मृत्यु का संभावित कारण ट्रेन दुर्घटना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेमरेज व शॉक दर्ज था। आयोग ने कहा कि आत्महत्या या आपराधिक कृत्य का कोई साक्ष्य नहीं है।
आयोग के अध्यक्ष रमाशंकर सिंह और महिला सदस्य अंजू रानी दीक्षित ने बीमा कंपनी को एक महीने में दो लाख रुपये नौ प्रतिशत ब्याज समेत देने का आदेश दिया। साथ ही मानसिक एवं आर्थिक क्षतिपूर्ति के 10 हजार और वाद व्यय के 10 हजार रुपये देने के निर्देश दिए।
