शाहजहांपुर। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि आर्थिक और शारीरिक रूप से कमजोर लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराना समाजसेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। जरूरतमंदों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।
वह रविवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में हेल्पलाइन सोसायटी की ओर से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में बोल रहे थे। संस्था के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित शिविर में करीब 450 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही जरूरतमंदों को चश्मे, कान की मशीन, व्हीलचेयर और छड़ी समेत अन्य उपकरण निशुल्क दिए गए।
एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि ऐसे शिविर समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। शिविर संयोजक एवं अध्यक्ष अशोक अग्रवाल विद्या ने संस्था के 25 वर्षों के सफर के अनुभव साझा किए।
मुख्य अतिथि ने सेवा कार्यों में योगदान देने वाले योगेश अग्रवाल, राजेश गिरि, सुनील अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, अंकित सक्सेना, कौशल और धर्मेंद्र को सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य मिथिलेश कुमार कठेरिया, एडीएम मोहम्मद औवैस, अरविंद सिंह, समाजसेवी रमेश भैया, अशफाक उल्ला खां, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पार्षद सिद्धार्थ शुक्ला, मनीष गुप्ता, स्वाति सिंह आदि मौजूद रहे।

शाहजहांपुर में आवास विकास कॉलोनी स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क में आयोजित हेल्प लाइन के कार्यक्रम
