तिगरी धाम। तिगरी गंगा मेले के लिए श्रद्धालुओं को न कोई निमंत्रण भेजा जाता है और न ही किसी तरह का बुलावा। बस हर साल गंगा मां की आस्था की डोर से लाखों श्रद्धालु तिगरी में खिंचे चले आते हैं। श्रद्धालु घाट के किनारे तंबू लगाकर कल्पवास करते हैं और गंगा मां के आंचल में समय गुजारते हैं। इस बार भी हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा घाट गूंज रहे हैं। 24 नवंबर को मुख्य गंगा स्नान किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

तिगरी गंगा मेले में 30 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान रहता है। इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की होती है। करीब एक माह पहले से ही मेले की तैयारियां शुरू हो गई थी। इसमें दूर-दूर से लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन इस मेले के लिए किसी श्रद्धालु को निमंत्रण नहीं भेजा जाता। बस अपने आप ही लाखों श्रद्धालु गंगा की रेती में तंबू बनाकर रहते हैं। यह पर लोग कुछ दिन दुनिया से दूर शांति और सुकून के साथ रहते हैं।

प्रतिदिन गंगा में स्नान करना और फिर मां के आंचल में खेलना और अठखेलियां करने का यही क्रम रहता है। देशी घी के साथ काली दाल की खिचड़ी का आनंद लेते हैं। शाम को मां गंगा की आरती करते हैं और भक्ति भाव से पूजा अर्चना करते हैं। इस समय चारों तरफ श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे हैं। हर-हर गंगे के जयकारों से गंगा घाट गूंज रहे हैं। इस बार श्रद्धालुओं के लिए गढ़ और तिगरी मेले को जोड़ने के लिए पांटून पुल बनाया है। इसके जरिए श्रद्धालु एक-दूसरे के मेले में आ जा रहे हैं। (संवाद)



Source link