सैदनगर। अजीमनगर थाना क्षेत्र में कोसी नदी से निकलने वाली नहर के किनारे कचरे में आग लगने से तेज धमाका हो गया। इसकी आवाज से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। घटना में नहर में मछली पकड़ रहे दो युवक घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लालपुर-खंडिया नहर के बीच खोद पेट्रोल पंप के सामने की है। खोद और उसके मझरे के कुछ युवक नहर में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने बीड़ी पीने के बाद माचिस की जलती तीली नहर किनारे फेंक दी।
तीली वहां पड़े घास-फूस और कूड़े के ढेर में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कूड़े में पटाखों का कचरा भी पड़ा था। आग लगते ही तेज धमाका हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी। धमाके के बाद मौके पर धुएं का गुबार छा गया। रास्ते से गुजर रहे लोग भी रुक गए। धुआं छंटने के बाद लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान मछली पकड़ रहे कई युवक वहां से भाग निकले।
घायल अभिषेक निवासी खोद और राहुल निवासी खोद का मझरा हैं। सूचना पर खोद पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। सुतली बम या किसी अन्य विस्फोटक की आशंका में घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने पटाखों की राख समेत अन्य नमूने एकत्र किए और अपने साथ ले गई।
प्रभारी निरीक्षक दया शंकर ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस पटाखों के कचरे के ढेर में आग लगने से हादसा होने की बात कह रही है। फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि धमाका किस वजह से हुआ। सीओ पंकज पंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
