कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कस्बे में दीपावली पर पहले नगर का माहौल खराब करने की नीयत से कुछ असामाजिक तत्वों ने जगह-जगह आपत्तिजनक होर्डिंग लगाकर सनसनी फैला दी। इन होर्डिंग्स पर अपना त्योहार अपनों से व्यवहार और जात-पात की करो विदाई, हिंदू हिंदू भाई-भाई जैसे नारे लिखे थे। रातों-रात मुख्य मार्गों और चौराहों पर लगाए गए इन पोस्टरों ने सुबह होते ही नागरिकों का ध्यान खींच लिया। इस मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी ट्वीट किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर सभी होर्डिंग्स को तुरंत हटवाया। पुलिस ने पोस्टर पर लिखे नाम के आधार पर संबंधित व्यक्तियों से संपर्क साधा और उन्हें दिए कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करें। प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि नगर में सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दीपावली जैसे पावन पर्व पर शांति और भाईचारे का माहौल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
