झांसी। झांसी से सवारियां लेकर उरई जा रही रोडवेज बस की चेकिंग के दौरान बस परिचालक ने सहायक यातायात निरीक्षक के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए सेवा प्रबंधक (एसएम) के साथ भी मारपीट कर दी।

एसएम का आरोप है कि बस परिचालक (कंडक्टर) ने सहायक यातायात निरीक्षक का बॉडीवार्न कैमरा छीनकर पास के खेत में फेंक दिया। एट थाना पुलिस ने एसएम की तहरीर पर बस परिचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की उरई डिपो की बस सुबह झांसी से सवारियां भरकर उरई जा रही थी। दोपहर करीब 1:47 बजे पिरौना चौकी के 500 मीटर आगे सहायक यातायात निरीक्षक मोहम्मद हामिद और उनकी टीम ने बस को रोककर औचक जांच की। बस में 28 यात्री सवार मिले, इनमें से छह बेटिकट पाए गए। टीम ने सभी यात्रियों का विवरण ईटीआईएम में दर्ज किया और मार्ग पत्र पर भी टिप्पणी दर्ज कर बस परिचालक विकास कुमार से हस्ताक्षर करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बीच परिचालक भड़क गया और सहायक यातायात निरीक्षक से उलझ गया। शर्ट पर लगा बॉडीवार्न कैमरा छीनकर मारपीट कर दी। यह देख कार में सवार एसएम संतोष कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन परिचालक ने उनके साथ भी अभद्रता कर मारपीट कर दी।

एसएम ने एट थाने में तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि परिचालक उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था। इसकी सूचना उन्होंने डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खेत में बॉडी वार्न कैमरे की तलाश की। खेत में पानी भरा होने के कारण कैमरा नहीं मिल सका। एट थाना प्रभारी शिवशंकर ने बताया कि एसएम की तहरीर पर मामला दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें