31 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन, 28 नवंबर को होगी चयन परीक्षा

संवाद न्यूज एजेंसी।

इटावा/भरथना। जवाहर नवोदय विद्यालय, साम्हों (भरथना) में शैक्षिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) का नोटिफिकेशन जारी कर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं 31 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। चयन परीक्षा 28 नवंबर को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित होगी।

इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में अहम बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थी केवल अपने निवास वाले जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए ही आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा तीन, चार और पांच की पढ़ाई पूरी करना अनिवार्य है। साथ ही वर्तमान शैक्षिक सत्र में कक्षा पांच में अध्ययनरत होना चाहिए। जो छात्र पहले ही कक्षा पांच उत्तीर्ण कर चुके हैं अथवा दोबारा कक्षा पांच में पढ़ रहे हैं, वे आवेदन के पात्र नहीं होंगे। आवेदक का जन्म 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना चाहिए। जवाहर नवोदय विद्यालय, साम्हों की प्राचार्य डॉ. सुमन तोमर ने बताया कि चयन परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रत्येक छात्र को केवल एक बार मिलता है। वेबसाइट navodaya.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। ऐसे में पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

तीन सेक्शन में विभाजित होगा प्रश्नपत्र

चयन परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। प्रश्नपत्र तीन सेक्शन में विभाजित होगा, जिसमें कुल 80 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 100 अंकों की होगी और प्रत्येक सही उत्तर पर 1.25 अंक दिए जाएंगे। परीक्षा में किसी प्रकार की निगेटिव मार्किंग नहीं होगी तथा उत्तर ओएमआर शीट पर अंकित करने होंगे। नवोदय विद्यालयों में आरक्षण व्यवस्था के तहत 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। शेष 25 प्रतिशत सीटों पर ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा कुल सीटों में एक-तिहाई सीटें छात्राओं के लिए आरक्षित हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *