बैंक खाते से आधार लिंक न होने से पांच हजार बच्चों को नहीं मिले 1200 रुपये
73,923 को मिल चुकी है धनराशि
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सुबह और शाम ठंड का ग्राफ चढ़ने लगा है। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे सुबह ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं। जिले के करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं अभी तक स्वेटर, ड्रेस और अन्य जरूरी सामग्री खरीदने के लिए मिलने वाली 1200 रुपये की धनराशि से वंचित हैं। अभिभावकों के बैंक खातों में आधार सीडिंग न होने के कारण इन बच्चों को डीबीटी का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे बच्चों के अभिभावकों को जरूरी सामग्री खरीदने में परेशानी हो रही है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले के परिषदीय विद्यालयों में कुल 92,864 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें सत्यापन के बाद 73,923 पात्र विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में 1200 रुपये की धनराशि भेजी जा चुकी है। वहीं, 13,801 विद्यार्थियों का पोर्टल पर सत्यापन पूरा हो चुका है। इनके अभिभावकों के खातों में अगले चरण में धनराशि भेजी जाएगी।
इसके अलावा करीब पांच हजार बच्चों का सत्यापन आधार सीडिंग की समस्या के चलते लंबित है। ऐसे में इन बच्चों को अभी तक सरकारी सहायता का लाभ नहीं मिल सका है। दरअसल, शासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को स्वेटर, ड्रेस और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अब सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये भेजे जाते हैं।
पहले विद्यालयों के माध्यम से सामग्री वितरित की जाती थी, लेकिन अब अभिभावक इस धनराशि से अपनी जरूरत के अनुसार बच्चों के लिए सामग्री खरीदते हैं। इसके लिए अभिभावकों के बैंक खाते का आधार से लिंक होना जरूरी है। आधार सीडिंग नहीं होने या बैंक खाते से संबंधित तकनीकी त्रुटि के कारण भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। मौसम में ठंड बढ़ने के बीच बच्चों को समय से धनराशि न मिलने से अभिभावकों की चिंता बढ़ रही है।
फोटो-14 उमरैन प्राथमिक विद्यालय में बिना स्वेटर बैठे बच्चे।संवाद
अभिभावकों के खाते आधार से लिंक नहीं
केस-1
प्राथमिक विद्यालय उमरैन के प्रधानाध्यापक देवेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय में कुल 112 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें से 89 बच्चों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये पहुंच चुके हैं। तीन बच्चों के अभिभावकों के खाते आधार से लिंक नहीं हैं, जबकि नौ बच्चों का सत्यापन खंड शिक्षा अधिकारी स्तर पर लंबित है।
फोटो-13-बिना स्वेटर खड़े बच्चे।संवाद
खातों में त्रुटि से नहीं पहुंची धनराशि
केस-2
उच्च प्राथमिक विद्यालय बेला रोड दिबियापुर के प्रधानाध्यापक मो. शकील अफरोज ने बताया कि विद्यालय में कुल 111 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें से 105 बच्चों के अभिभावकों के खातों में जुलाई माह में 1200 रुपये पहुंच चुके हैं। छह बच्चों के खातों में त्रुटि होने के कारण अभी धनराशि नहीं पहुंची है।
वर्जन
जिन बच्चों के डेटा में समस्या आ रही है, ऐसे मामलों में विभागीय स्तर पर जांच कर संबंधित विद्यालय के जरिए अभिभावकों को सूचित किया जा रहा है। जल्द ही सत्यापन करके डीबीटी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।-प्रमोद कुमार, जिला समन्वयक
